संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में कुचामन शहर में रविवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और विचारों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई नगरवासियों का ध्यान आकर्षित करती रही। इस दौरान आकर्षक झांकियाँ, डीजे, बैंड-बाजे, ध्वज और बाबा साहेब के नारे गूंजते रहे। शहर भर में शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार में राज्य मंत्री विजय सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने अंबेडकर स्मृति समिति को 10 बीघा जमीन आवंटित करने की घोषणा की, साथ ही डॉ. अंबेडकर की स्मृति में एक भव्य छतरी (स्मारक) निर्माण की भी बात कही। मंत्री विजय सिंह ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और सरकार उनके सपनों का भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्थानीय नागरिकों व समिति सदस्यों ने इस घोषणा पर खुशी जाहिर की और मंत्री विजय सिंह का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में कई सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
डॉ. अंबेडकर की जयंती पर आयोजित यह शोभायात्रा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हुए ऐतिहासिक बन गई।